कोतवाली से लेकर करीमुद्दीनपुर तक सड़क के किनारे ठेला, टिनशेड लगा कर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को अभियान चलाया। सीओ घोसी वंशीधर मिश्रा के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस कर्मियों ने सड़क किनारे अतिक्रमण किए दूकानदारों को हटाया। पुलिस की कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीओ घोसी वंशीधर मिश्रा, कोतवाल विश्वजीत सिंह कोतवाली पुलिस व मऊ से आए तीन दर्जन से अधिक प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को साथ लेकर कोतवाली से लेकर स्टेशन रोड, बस स्टेशन, मधुबन मोड़, करीमुद्दीनपुर तक सड़क के दोनों तरफ पटरियों पर ठेला, टिनशेड, सामान रख कर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।
पुलिस के तेवर से कइयों ने स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण काे हटा लिया जबकि कई को गिराना पड़ा। कई लोगों ने इस कार्रवाई को सराहा।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में कोतवाल के साथ उपनिरीक्षक मनोज सिंह, जुगत नारायण कन्नौजिया, लालसाहब सिंह आदि पुलिसकर्मी शामिल रहे।