किसान मेला में स्टाल का अवलोकन करते कैबिनेट मंत्री एके शर्मा
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने जिले के कुशमौर स्थित राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित निस्ट किसान मेला 2026 का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए मिल को लेकर भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने किसानों और लोगों को आश्वस्त किया कि किसी में इतनी ताकत नहीं है कि घोसी चीनी मिल को बंद कर सके।
उन्होंने कहा कि किसान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न रहें और सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसान सोलर पैनल लगाकर बिजली उत्पादन कर सकते हैं और कृषि अपशिष्ट से बायोगैस बनाकर ऊर्जा के क्षेत्र में योगदान दे सकते हैं।
इससे किसानों की आय बढ़ने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। मेले किसानोंं को नई तकनीक, बेहतर बीज और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न कृषि स्टालों का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित नवीन तकनीकों, उन्नत बीजों तथा कृषि उपकरणों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर प्रगतिशील किसान देवप्रकाश राय, राकेश सिंह ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक सलाह को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।