कलेक्ट्रेट में बने मतगणना स्थल पर सुरक्षा में तैनात पैरामिलिट्री फोर्स का जवान।
- फोटो : अमर उजाला
घोसी उपचुनाव को लेकर मतदान भले ही पांच सितंबर को खत्म हो गया है, लेकिन परिणाम न आने तक इसको लेकर सियासी तापमान अब तक जिले में देखने को मिल रहा है। चुनाव के बाद से सपा-गठबंधन के कार्यकर्ता ईवीएम निगरानी को लेकर स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर डेरा जमाए हुए हैं। इसके लिए चार टोलियां बनाई गई हैं। बुधवार की पूरी रात सपा और गठबंधन के कार्यकर्ता ईवीएम की निगरानी में लगे रहे।
वहीं, अलसुबह में नई टीम पहुंची जो कि दोपहर तक मतगणना स्थल के पास डटी रही। दोपहर के बाद दूसरी टीम पहुंची, जो देर रात तक डटी रहेगी। यह क्रम शुक्रवार सुबह आठ बजे तक मतगणना स्थल पर मतगणना शुरू होने तक बना रहेगा। सपा ने पांच सितंबर को मतदान समाप्त होने के बाद देर रात ईवीएम जमा होने के बाद से चार निगरानी समिति टीम बनाकर यहां पहरेदारी में लगा दी है।
मऊ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बने मतगणना स्थल पर शुक्रवार को घोसी उप चुनाव को लेकर वोटों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी। सीसीटीवी कैमरे से पूरी मतगणना पर नजर रखी जाएगी। मतगणना को लेकर बृहस्पतिवार को प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया। मतगणना के लिए 14 टेबलों पर 19 टीमें लगाई गई हैं। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम रहेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील लाल श्रीवास्तव ने बताया कि घोसी उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार की सुबह आठ बजे शुरू होगी। मतगणना स्थल तक पहुंचने के लिए चार गेट बनाए गए हैं।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था त्रिस्तरीय होगी।इसकी मानीटरिंग एसपी जहां खुद करेंगे तो वहीं सुरक्षा व्यवस्था एएसपी के कंधे पर होगी। जबकि तीन सीओ, 17 निरीक्षक, 78 उपनिरीक्षक, 600 आरक्षी, दो कंपनी पीएसी, दो कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात रहेगी। वहीं, मतगणना स्थल में जाने से पहले मेटेल डिटेक्टर से गुजरना होगा।