गांजा की तस्करी को लेकर तस्करों का तेज दिमाग भी पुलिस की गिरफ्त से आने से उन्हें नहीं बचा सका। चिरैयाकोट थाने की पुलिस और स्वाट टीम ने सुल्तानीपुर तिराहा से एक ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा 6.38 क्विंटल गांजा बरामद कर लिया। पुलिस टीम ने असम निवासी दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद ट्रक पर नागालैंड की नंबर प्लेट लगी है। बरामद गांजा की बाजार में कीमत 65 लाख बताई जाती है। तस्कर पेटियों में पैक करके गांजा असाम से आजमगढ़ सप्लाई करने जा रहे थे। इस दौरान तस्करों ने पुलिस को धोखा देखने के लिए ट्रक की बाडी में लोहे की प्लेट कसकर जगह बनाकर उसमें गांजा रखा था। जिससे ट्रक देखने पर अंदर से खाली दिख रहा था।
सोमवार को प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि गांजा असम से लाकर आजमगढ़ बेचने जा रहे थे। एसपी ने बताया कि तस्करों ने बिना डाला की ट्रक की बॉडी में ही ऊपर लोहे की प्लेट लगा कर इस ढंग से बना दिया था कि ऊपर से दिखने में पूरा ट्रक खाली लग रहा था। शंका होने पर पुलिस ने उस लोहे की प्लेट के नट बोल्ट को खुलवा कर देखा बाडी के अंदर कुल 80 पेटियों में 6 क्विंटल 38 किलो 780 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक को सीज कर दिया।
गिरफ्तार गांजा तस्कर शालिम अली पुत्र मानिक मिया असम प्रांत के बरपेटा जिले के बाघबर थाने के कनारा गांव का निवासी है। जबकि दूसरा जाकिर हुसैन पुत्र नूर मोहम्मद असम के ही बक्सा जिले के गोवर्धना थाने के हेलोनार गांव का निवासी है। गांजा तस्करों को गिरफ्तार करने वाली टीम में सीओ राजकुमार सिंह,स्वाट टीम प्रभारी सच्चिदानंद यादव, प्रभारी थानाध्यक्ष गंगा सागर मिश्र, एसआई कमला प्रसाद व संजय आदि रहे।