अंबेडकर पार्क में एमपीडब्लू एसोसिएशन के धरने को संबोधित करते जिलाध्यक्ष विपिन सैनी।
प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में 16 हजार सहायक अध्यापकों की भर्ती में काउंसिलिंग होने के बाद नियुक्ति पत्र न देने के विरोध में अभ्यर्थियों ने सोमवार की शाम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ताला जड़कर कर प्रदर्शन किया।
16 हजार सहायक अध्यापक भर्ती के क्रम में मऊ जनपद में 51 पदों के लिए काउंसिलिंग 16 अगस्त को हुई थी। बीएसए कार्यालय की ओर से अभ्यर्थियों को बुलाया जाता है, लेकिन अगले दिन आने की सलाह देकर बैरंग लौटा दिया जा रहा। नाराज अभ्यर्थियों ने सोमवार की शाम बीएसए कार्यालय के गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया।
उनका कहना था कि गैर जनपदों में काउंसिलिंग के बाद अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर दिया गया लेकिन मऊ में नियुक्ति पत्र वितरित नहीं किया जा रहा है। कार्यालय के लिपिकों द्वारा सुविधा शुल्क मांगी जा रही। सुविधा शुल्क देने से इंकार करने पर अगले दिन आने की सलाह दी जा रही है। कार्यालय में बीएसए भी नहीं रहत हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया लेकिन मामले को लटका दिया गया है। नियुक्ति पत्र अविलंब नहीं दिया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे। प्रदर्शन करने वालों में आनंद प्रकाश यादव, प्रवीण कुमार गुप्त, सुनील, ऊषा कुमारी, देवेंद्र कुमार, संजीव कुशवाहा, अनुपमा, सुनील कुमार गौतम आदि शामिल थे।