भीमार्जुन उर्फ गोलू यादव - फाइल फोटोदुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार इनाम
रानीपुर। रानीपुर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग सगी बहनों से दुष्कर्म और बड़ी बहन की मौत के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी भीमार्जुन उर्फ गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे शनिवार सुबह करीब पांच बजे खुरहट रेलवे क्रॉसिंग के पास से पकड़ा। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसपी कमलेश बहादुर के अनुसार आठ जून को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी अपनी 14 वर्षीय छोटी बहन के साथ लापता हुई थी। अगले दिन बड़ी बहन का शव जंगल में शीशम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। छोटी बहन ने आरोप लगाया था कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया गया, जबकि बड़ी बहन के साथ भी दुष्कर्म किया गया।
पिता की तहरीर पर प्रिंस उर्फ शिवम, सुनील चौहान और राकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने तीनों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। छोटी बहन के चिकित्सकीय परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में भीमार्जुन ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि आठ जून की रात वह अन्य आरोपियों के साथ करजौली के जंगल में गया था। वहां दोनों बहनों को अलग-अलग ले जाकर दुष्कर्म किया गया। अगले दिन परिजनों के शिकायत करने पर आरोपी माफी मांगने घर पहुंचे थे। इसी दौरान छोटी बहन ने बड़ी बहन के जंगल में फंदा लगाने की जानकारी दी। इसके बाद सभी आरोपी डरकर भाग गए थे।