घोसी कोतवाली में समाधान दिवस पर फरियाद सुनते अधिकारी। संवाद
मऊ। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जिले के सभी 12 थानों में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान 143 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 19 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया।
सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। शेष मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गईं।
एसपी कमलेश बहादुर ने चिरैयाकोट और रानीपुर थाने में उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अन्य थानों में क्षेत्राधिकारियों और प्रभारी निरीक्षकों ने जनसुनवाई की। अधिकारियों ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में 20 प्रार्थनापत्र आए, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण कराया गया। प्राप्त शिकायतों में 17 राजस्व और तीन पुलिस विभाग से संबंधित थीं। इसहाकपुर गांव निवासी रमाशंकर ने अतिक्रमण रोकने, इटौरा चौबेपुर निवासी सत्यपाल ने भूमि विवाद और शेखवाड़ा निवासी साजिदा ने कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जे की शिकायत की। चिरैयाकोट थाने में छह प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए। संवाद