बालीवुड की तरह अपना भी एक भाईजान है, वह सलमान खान तो नहीं लेकिन उससे कम भी नहीं। बजरंगी की तरह कोपागंज क्षेत्र के बलजोर भी अपने परिवार से भटके एक 13 वर्ष के किशोर को उसके परिवार से मिलाने के लिए दो महीने से गांव गांव में जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं।
दो महीने से उन्होंने किशोर को अपने घर पर रखा हुआ है। गूंगा होने के चलते किशोर कुछ भी बता पाने में असमर्थ है। थक हारकर मदद के लिए बलजोर ने सोमवार को बाल कल्याण समिति से गुहार लगाई।
कोपागंज क्षेत्र के सोड़सर गांव निवासी बलजोर सोनकर पुत्र दुईज और उनकी पत्नी 15 जून को बाजार से घर जा रहे थे। रात में सड़क पर रोते हुए एक 13 साल का किशोर मिला। पूछताछ करने के दौरान पता चला कि किशोर गूंगा है। इसपर बलजोर उसे घर लेते आए।
अगले दिन उसे उसके मां-बाप से मिलाने के लिए इधर उधर भटके लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद वह कोपागंज थाने पहुंचे और मौखिक रूप से पुलिस को सूचना देकर मदद मांगी।
बकौल बलजोर पुलिस से कई शिकायत के बाद भी उन्हें मदद नहीं मिली तो वह किशोर को लेकर कई गांवों में लोगों से संपर्क कर रहे हैं। दो महीने से अधिक समय हो जाने के बाद वे सोमवार को बाल कल्याण समिति पहुंचे और सदस्य बबिता वर्मा से
मिले। बाल कल्याण समिति की सदस्य बबिता वर्मा ने बताया कि किशोर को बाल गृह वाराणसी भेजा जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है। चाइल्ड हेल्पलाइन से भी मदद ली जाएगी। हो सकता हो किशोर के पिरवारीजन को कहीं से सूचना मिल जाए।