मऊ। अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने शनिवार को विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक छात्र/छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्रदान किया जाए। साथ ही वक्फ सम्पत्तियों की शिकायतों के प्रभावी अनुश्रवण के निर्देश दिए।
इससे पहले मदरसों की समीक्षा की। कहा कि मदरसों में नियुक्तियों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। मदरसों में आधुनिक विषयों की शिक्षा पर विशेष बल दिया जाए। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कहा कि वित्तीय वर्ष में योजना पूरे प्रदेश में लागू कर दी गई है। इसमें अल्पसंख्यक समुदाय के शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास तथा पेयजल संबंधी समस्याओं के दीर्घकालिक निस्तारण के लिये सभी विभागों से प्रस्ताव निर्गत किए जाएंगे। ताकि अल्पसंख्यकों को इसका लाभ मिले। बैठक के बाद दानिश आजाद अंसारी ने
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के स्तर से 12 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन राजकीय आईटीआई की महिला शाखा का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाने एवं परियोजना को इस वर्ष दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए। मौके पर उपस्थित प्राचार्य राजकीय आईटीआई को समय-समय पर निरीक्षण के लिए कहा। बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में राजकीय आईटीआई के विस्तारीकरण की नई परियोजना स्वीकृत की गई हैं। इसमें 9 करोड़ 48 लाख से राजकीय आईटीआई परिसर में वर्कशॉप निर्माण, सीसी रोड के साथ ड्रेन का निर्माण किया जाना है। इस दौरान जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के साथ, परियोजना प्रबन्धक पैक फेड, परियोजना प्रबंधक उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लि. तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।