ददक्षिणटोला थाना पुलिस द्वारा अवैध असलहों और बाइक के साथ पकड़े गए पांच अभियुक्त। स्रोत-पुलिस
- फोटो : शिवम यादव अपना मेडल दिखाते हुए। स्रोतः स्वयं
मऊ। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के रैनी गांव के पास से पुलिस ने सोमवार तड़के 3:50 बजे सीज की हुई बाइक से वारदात को अंजाम देने जा रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से असलहा, कारतूस और सीज की बाइक बरामद हुई। पूछताछ के बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर वह टीम के साथ रैनी गांव के बगीचे का पास पहुंचे। वहां पर मौजूद पांच युवक पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगे। टीम ने दौड़ाकर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में सभी ने अपना नाम दक्षिण टोला थाना के डोमनपुरा निवासी विजय कश्यप (20), अरस्तुपुरा निवासी आकाश सोनकर (20), अंकित सोनकर (19), घोसी कोतवाली के कल्याणपुर निवासी विशाल सिंह (20) और धनंजय राजभर (18) बताया। उनके पास से 32 बोर का अवैध असलहा, दो कारतूस, तमंचा, टॉर्च, पांच मोबाइल, 470 रुपये, सीज की हुई बाइक बरामद हुई। बताया कि बाइक की नंबर प्लेट पर प्लास्टिक चिपकाया हुआ था, जिससे घटना को अंजाम देकर भागते समय उनकी पहचान न हो सके।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले : पुलिस की पूछताछ में पता चला कि विजय कश्यप पर दक्षिण टोला थाना में पहले से दो, आकाश सोनकर पर दक्षिण टोला में दो और दोहरीघाट थाने में एक मुकदमा दर्ज है। विशाल सिंह के खिलाफ दक्षिण टोला और कोपागंज में एक-एक मुकदमा पहले से ही दर्ज है। धनंजर राजभर के खिलाफ दक्षिण टोला में एक और घोसी कोतवाली में दो मुकदमे के दर्ज हैं। वहीं अंकित सोनकर के खिलाफ दक्षिण टोला थाना में एक मुकदमा दर्ज है।