घोसी कोतवाली के पांडेयपार के पास देर शाम की घटना
- फोटो : अमर उजाला
मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के पांडेयपार के पास शुक्रवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने कार में बैठे भाजपा प्रत्याशी वंदना राय के देवर को गोली मार दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली बाएं हाथ में लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। उधर, घायल को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसीलगाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर
दिया। परिजनों ने घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय की पत्नी वंदना राय बड़राव ब्लॉक प्रमुख की पद की प्रत्याशी हैं। वंदना राय के देवर संजय राय अपनी बुआ के लड़के अमरहट निवासी संतोष राय के साथ दुर्गविजय राय की इनोवा कार से प्रचार के लिए निकले हुए थे। शाम में वापसी के क्रम में जब उनका वाहन अमिला-बोझी मार्ग पर पांडेयपार के पास पहुंचा तो बाइक सवार बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
इससे कार में अगली सीट पर बैठे संतोष राय को बाएं हाथ में गोली लग गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकले। उधर, घटना की सूचना संजय राय ने पूर्व जिलाध्यक्ष को दी। जिसकी सूचना पूर्व जिलाध्यक्ष पुलिस अधीक्षक सुशील घुले को दी। घटना की जानकारी मिलने पर घोसी कोतवाल संजीव कुमार दुबे घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी ली।