मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बनियापार गांव में स्टेट हाईवे (मऊ-आजमगढ़ मार्ग) तीन घंटे जाम करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार की शाम सत्यम गिरी, शिवम गिरी, गोली गिरी, शेषनाथ गिरी समेत 150 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि जाम के दौरान लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। खैराबाद चौकी प्रभारी अरविंद कुमार यादव की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है।
बीते 20 अप्रैल की दोपहर 2:30 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के केरना साहु का बारी निवासी साइकिल सवार शिवम चौहान (15) घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए आजमगढ़ स्थित निजी अस्पताल भेजा गया था। टक्कर से सड़क किनारे खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई थी।
घटना की सूचना मिलने पर आरोपी चालक की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों के साथ बनियापार निवासी सत्यम गिरी, शिवम गिरी, गोली गिरी और बरदह निवासी शेषनाथ गिरी सहित 150 अज्ञात लोगों ने बांस-बल्ली और ईंट-पत्थर रखकर स्टेट हाईवे को तीन घंटे तक जाम कर दिया था।
इस दौरान दोनों लेनों में करीब तीन किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सैकड़ों वाहनों के साथ कई एंबुलेंस भी फंस गई थीं, जिनमें गंभीर मरीज थे। इसके अलावा गंतव्य के लिए निकले बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं को भी अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा।