घोसी कोतवाली के जामडीह निवासी शहनाज परवीन की शिकायत व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों सहित चार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि लोन से अधिक पैसा चुकाने के बाद भी टेंपू छीन लिया गया, जिससे पीड़ित के जीविकोपार्जन का साधन समाप्त हो गया। प्राथमिकी के अनुसार, शहनाज के पति ने अपने नाम से लोन पर टेंपू खरीदा था। उन्होंने लोन से अधिक 3.35 लाख रुपये जमा कर दिए थे।
24 जून 2022 को घोसी-मधुबन मार्ग पर कुंडा कुचाई स्थित इंटर कॉलेज के पास मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के अन्नुपार निवासी मान सिंह और चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों ने धमकी देते हुए टेंपू छीन लिया।
पूरा हिसाब दिखाने के बाद भी उन्होंने टेंपू नहीं दिया। फाइनेंस कंपनी के लोगों ने हर बार टेंपू देने का एक समय निर्धारित किया, लेकिन नहीं दिया।इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।