मऊ। परदहां ब्लाक के अहिलाद गांव में तीन पोखरों की खुदाई और इंटरलाकिंग में 16 लाख दो हजार 320 रुपये के गबन का मामला अब विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासनिक विलंब समिति तक पहुंच गया है। समिति के सभापति देवेंद्र प्रताप सिंह ने इस प्रकरण पर विचार करने के लिए 11 अक्तूबर की तिथि नियत किया है। सभापति ने सीडीओ, डीपीआरओ , जिला कृषि अधिकारी, थानाध्यक्ष सरायलखंसी को बैठक में शामिल होने के लिए लखनऊ बुलाया है। अहिलाद गांव में वित्तीय अनियमितता में तत्कालीन ग्राम प्रधान धनंजय सिंह झब्बू ,सेक्रेटरी अनुपमा सिंह और एडीओ पंचायत राजेश तिवारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज होने से असंतुष्ट प्रधान ने विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासनिक विलंब समिति के समक्ष अपील किया। विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासनिक विलंब समिति के सभापति ने प्रमुख सचिव पंचायती राज, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी एवं प्रभारी थानाध्यक्ष सरायलखंसी को 11 अक्तूबर को नियत बैठक में भाग लेने के लिए बुलाया है। इस बाबत जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर का कहना है कि समिति की बैठक 11 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाली है, उसमें इस प्रकार पर विचार किया जाना है। इस बैठक में भाग लेने के लिए बुलाया गया है।