मऊ। नगर के शिक्षा विभाग कालोनी में लाखों की लागत से स्थापित जिला राजकीय पुस्तकालय के खोले जाने की सुध आखिरकार विभागीय अधिकारियों ने ली है। अमर उजाला ने 10 अक्तूबर 2021 को शो पीस बनकर रह गया है जिला राजकीय पुस्तकालय शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होने के बाद विद्यार्थियों तथा प्रबुद्ध वर्ग के लोगों द्वारा पुस्तकालय के खोले जाने की मांग की जा रही थी। विद्यार्थियों के मांग पर विभागीय अधिकारियों ने पुस्तकालय खोलने का निर्णय लिया।
शिक्षा विभाग की तरफ से नगर के शिक्षा विभाग कॉलोनी में करीब 65 लाख की लागत से राजकीय जिला पुस्कालय के भवन की स्थापना की गई। वर्ष 2018 में भवन हैंडओवर होने तथा पुस्तकालय में विभिन्न प्रकार की पुस्तकें होने के बाद भी पुस्तकालय का संचालन नहीं हो पा रहा था। विभाग की तरफ से अधिकारियों तथा कर्मचारियों के पद रिक्त रहने की बात कही जा रही थी।
पुस्कालय बंद होने से छात्र छात्राओं को राजकीय पुस्कालय का लाभ नहीं मिल पा रहा था। अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद युवाओं की तरफ से राजकीय पुस्तकालय के खोले जाने की मांग उठने लगी थी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छात्र छात्राओं की मांग को गंभीरता से लेते हुए राजकीय पुस्तकालय को खोले जाने का आदेश जारी किया। अब पुस्तकालय पूर्वाह्न 9.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक चलेगा। राजकीय पुस्तकालय में पढ़ने के लिए फार्म भरकर सदस्यता लेनी होगी। राजकीय पुस्तकालय शुरू होने से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र छात्राओं को लाभ मिलेगा। इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि छात्र छात्राओं तथा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के हित को देखते हुए राजकीय पुस्तकालय खोल दिया गया है।