बढुआ गोदाम। कृषि एवं पर्यावरण अनुसंधान संस्थान में फर्जी तरीके से भर्ती निकलकर नौकरी दिलाने के मामले में पांच अभ्यर्थियों की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इससे पहले, रविवार की सुबह सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थियों ने सरायलखंसी थाने के सामने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विरोध प्रदर्शन किया। करीब 15 मिनट के विरोध प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी ने इस मामले में आलाधिकारियों को अवगत कराने के साथ सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
दर्ज मुकदमे के अनुसार, सिद्धार्थ नगर जनपद के जोगिया थाना क्षेत्र के करहना गांव निवासी सरिता भारती, बहराईच जनपद के हर्दी थाना क्षेत्र के विनीत कुमार, चंद्रसेन वर्मा, शेर बहादुर वर्मा, लवकुश पांडेय सहित अन्य युवकों ने बताया कि 27 जनवरी सुबह 10 बजे नगरपालिका कमेटी हॉल मऊ में कृषि एवं पर्यावरण अनुसंधान संस्थान उत्तर प्रदेश के निदेशक संजय यादव, परियोजना निदेशक रसूल मोहम्मद, डिप्टी डायरेक्टर आनंद सिंह और सौरभ कुमार की ओर से कुटरचित वेकेंसी निकाली गई।
इसकी परीक्षा 13 नवंबर को लखनऊ स्थित सरस्वती बाल विद्या मंदिर पर कराई कराई थी। 27 जनवरी को जॉइनिंग लेटर के लिए मऊ जिला मुख्यालय पर बुलाकर फर्जी तरीके से हस्ताक्षर बनाकर ज्वाइंनिग लेटर दे दिया गया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने ऑनलाइन सोलह सौ रुपये अपने खाते में डलवाए और सभी पीड़ितों से 12 हजार पांच सौ रुपये प्रतिमाह देने के लिए कहा गया था।
बताया कि जब जॉइनिंग लेटर की ऑनलाइन जांच की गई तो वह फर्जी निकला। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थियों ने सरलाकांक्षी थाने पर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि मामले में सरवा गांव निवासी संजय यादव, पहाड़पुर गांव निवासी रसूल मोहम्मद के साथ आजमगढ़ के बबुरा गांव निवासी आनंद सिंह और गोहना निवासी सौरभ कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।