कोपागंज-कुरथीजाफरपुर (मऊ)। कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में पशु विभाग की लापरवाही और एक झोलाछाप के लालच ने दो गरीब पशुपालकों की कमर तोड़ दी। आठ सितंबर में ही जिस टीकाकरण अभियान की समय सीमा खत्म हो चुकी थी, उसके बाद भी वैक्सीन को 24 अक्तूबर को भैंसों को लगा दिया गया। नतीजा, टीका लगते ही भैंसें तड़पने लगीं और देखते ही देखते तीन भैंसों ने दम तोड़ दिया।
सुभासपा से एमएलसी बिच्छेलाल राजभर ने मामले में संज्ञान लिया तो पशु विभाग के अधिकारी हरकत में आने के बाद झोलाछाप राजकुमार राजभर के साथ फार्मासिस्ट राजेंद्र यादव के खिलाफ मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराया। मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कुतुबपुर निवासी इंदाली देवी पत्नी सोंधी राजभर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव में एक झोलाछाप राजकुमार राजभर खुद को ब्लॉक से आया बताकर भैंसों को वैक्सीन लगाने पहुंचा। मना करने के बावजूद जबरन भैंसों को वैक्सीन लगा दी गई।
वैक्सीन लगने के बाद दोनों भैंसों की मौत हो गई, जबकि अन्य पांच भैंसें अभी भी बीमार हैं। आरोप है कि वैक्सीन लगाने वाला आरोपी झोलाछाप राजकुमार राजभर कोपागंज थाना क्षेत्र के माफी गांव का निजी पशु डॉक्टर है। वैक्सीन राजकीय पशु केंद्र कोपागंज पर तैनात फार्मासिस्ट राजेंद्र यादव ने लगाने के लिए दी थी। वहीं इसी गांव के इंद्रदेव ने बताया कि टीकाकरण के बाद उनकी एक भैंस मर गई।
फार्मासिस्ट खुद की सरकारी ड्यूटी प्राइवेट डॉक्टरों से करा रहे हैं। पीड़िता इंदाली ने बताया कि एक भैंस की कीमत 80 हजार से एक लाख तक होती है, ऐसे में दो भैंसों की मौत से करीब दो लाख का सीधा नुकसान हुआ है।
भैंसें दूध देने वाली थीं, जो परिवार की रोजी-रोटी का सहारा थीं। घटना की सूचना पर एमएलसी बिच्छेलाल राजभर खुद गांव पहुंच गए और अधिकारियों को फटकार लगाई। उनके हस्तक्षेप के बाद सदर एसडीएम सचिन सिंह और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और पोस्टमार्टम का आदेश दिया। इस बाबत मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है, प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
विसरा रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण, पहली नजर में कार्डियक अरेस्ट
पशु विभाग के टीकाकरण मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सीपी सिंह कुशवाह ने बताया कि आठ सितंबर को ही जिले में खुरपका और मुहपका का टीकाकरण का कार्य पूरा हुआ है। इस दौरान दो लाख चार हजार से अधिक पशुओं का टीकाकरण हुआ है। यह मामला मेरे संज्ञान में आया है, जांच के लिए टीम बनाई गई है। इसमें कोपागंज और इंदारा पशु अस्पताल में तैनात डॉक्टर राघवेंद्र प्रताप सिंह और डॉ. गुलाम अंसारी की भी जांच हो रही है। मृत तीन भैंसों का पोस्टमार्टम कराने के बाद विसरा जांच के लिए भेजा गया है। बोले कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद जानवरों की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं प्रथम दृष्टया मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट हो सकता है।
कागजों पर हुए टीकाकरण को लेकर आठ अगस्त को किया था खुलासा
हर साल टीकाकरण के नाम पर कागजी कोरम को लेकर संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने सात अगस्त को पड़ताल की थी। पड़ताल में सात जगहों पर पशु पालकों से बातचीत के आधार पर आठ अगस्त को पशु पालक करते रह गए इंतजार... कागजों में लग गया दो लाख मवेशियों को गला घोटू का टीका शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। टीम ने बड़राव ब्लॉक के सोहण गांव, भैरोपुर, मादी सिपाह, रकबा, हवापुरा, फतेहपुर मंडाव ब्लॉक के नेवादा, महुई सहित कई गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से बात की थी। जहां बड़े पशुपालकों ने कोई टीकाकरण नहीं होने की बात कही थी। यहां महुई गांव में ग्रामीणों ने बीते पांच साल से एक बार भी टीकाकरण नहीं होने की बात कही थी।