मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कमालपुर कोलौरा गांव में पांच घरों से चोरी के पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमों के अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया गया है।
इस मामले में पुलिस अधिकारियों के कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। बीते 29 जुलाई की रात कमालपुर कोलौरा गांव निवासी रामरुचि सिंह, देवेंद्र सिंह, परमानंद सिंह, संतोष सहित पांच लोगों के घरों को चोरों ने निशाना बनाया था।
छह लाख रुपये की नगदी सहित लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए थे। जांच में लगाई गई सर्विलांस टीम ने 29 जुलाई की रात घटनास्थल के आसपास से इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों को खंगालने का प्रयास किया है।
इसके अलावा गांव के चारों तरफ आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसी कैमरा की भी जांच की गई लेकिन चोरों का कोई सुराग मौजूद नहीं है। पुलिस उपाधीक्षक शीतला प्रसाद पांडे ने बताया कि जांच में यह उजागर हुआ है कि चोरी करने वाले किसी बाहरी जनपद से आए हैं और काफी पेशेवर हैं।
पुलिस टीम संभावित ठिकानों के अलावा आसपास के जनपद में खानाबदोश गैंग पर भी नजर रखे हैं। हर पहलुओं पर जांच की जा रही है जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।