मऊ। आजमगढ़-मऊ निर्माणाधीन स्टेट हाइवे का चौड़ीकरण थाना दक्षिण टोला से लेकर मिर्जाहादीपुरा चौक तक कर दिया गया है। लेकिन इस स्थान पर सब्जियों की दुकानें और फलों के ठेले आदि लगाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। जिससे यह चौड़ीकरण यातायात के उपयोग में न आकर अतिक्रमणकर्ताओं के उपयोग में आ रहा है। सड़क पर अतिक्रमण से यातायात सुगम रखने के लिए किए चौड़ीकरण का लाभ नहीं मिल पा रहा है।सड़क चौड़ीकरण के लिए जद में आने वाले भवनों धार्मिक स्थलों जैसे मसजिदों ,मंदिरों तक को तोड़कर हटा दिया जा रहा है।
मिर्जाहादीपुरा में भी कई मकानों और चौराहे के पास स्थित मसजिद के कुछ हिस्से को तथा आजमगढ़ तिराहे के पास स्थित दो मंदिरों के कुछ हिस्सों तक को तोड़कर हटा दिया गया। चौड़ीकरण का उद्देश्य जनसामान्य को सुगम यातायात की व्यवस्था करना है। लेकिन चौड़ीकरण किए जाने के अगले ही दिन से सड़क पर पटरी दुकानदारों , सब्जी एवं फल विक्रेताओं द्वारा अतिक्रमण करके कब्जा कर लिया गया है। जिससे यातायात पूर्व की भांति बाधित हो गया है। मिर्जाहादीपुरा से लेकर थाना दक्षिण टोला के बीच पटरी दुकानदार सब्जी, फल एवं ठेला दुकानदार सड़क पर दुकान लगाकर अतिक्रमण किए रहते हैं। लोगों का कहना है कि सरकार के द्वारा कराए गए इस चौड़ीकरण का लाभ ये अतिक्रमणकर्ता ही ले रहे हैं। चौराहे के पास अति व्यस्त सड़क पर किए गए अतिक्रमण से यातायात बाधित होता रहता है।
थाना दक्षिण टोला पुलिस पटरी एवं ठेला दुकानदारों को सड़क पर दुकानें न लगाने की हिदायत कर रही है। इसके बावजूद पटरी दुकानदार एवं ठेला दुकानदार बाज नहीं आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते जिला प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की जरूरी है अन्यथा कभी भी बड़ी घटना हो सकती है।स्थानीय लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन सड़क से पटरी दुकानदारों को हटाया जाए एवं उनकी अलग से कोई व्यवस्था की जाए ताकि उनकी भी रोजी-रोटी चलती रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना भी न हो।
इनसेट:
लोगों की प्रतिक्रिया
शहर का मिर्जाहादीपुरा चौराहा काफी व्यस्त स्थान है। स्टेट हाइवे के चौड़ीकरण का उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना है। लेकिन सड़क बनते ही पूर्व की भांति उस पर अतिक्रमण कर लिया गया। जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है और शासन की मंशा पर पानी फिर रहा है।
- बृजमोहन
------------
पटरी दुकानदारों के लिए नगरपालिका को कहीं अन्यत्र व्यवस्था करनी चाहिए और मिर्जाहादीपुरा चौराहे के पास से सड़क को मुक्त कराना चाहिए। - राजन वैदिक
----------
दक्षिण टोला से लेकर मिर्जाहादीपुरा चौराहे के आगे तक की सड़क पूरी तरह से मुक्त रहे तभी आवागमन सुगम रह सकता है। सडक पर अतिक्रमण रहने से सुगम यातायात और जाम न लगने की उम्मीद नहीं की जा सकती है। - आशीष वर्मा
---------
सड़क चौड़ी किए जाने के बाद तुरंत उसके नए बनाए गए हिस्से पर कब्जा कर लिया जा रहा है। लोगों की यह प्रवृत्ति सी बन गई नजर आ रही है। गाजीपुरा तिराहे से लेकर हकीकतपुरा तक की यहीं स्थिति बन गई है। - रोहित कुमार
------------------------
इनसेट:
घर का कुछ हिस्सा प्रशासन ने तोड़वाया
फोटों है।
मऊ। मिर्जाहादीपुरा मुहल्ला में सड़क के किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए एक घर के कुछ हिस्से को शनिवार को नगर प्रशासन ने ढहवा दिया। सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन और सीओ सिटी धनंजय मिश्र नगरपालिका कर्मियों और पुलिस बल के साथ मिर्जाहादीपुरा चौक पर पहुंच गए। अधिकारियों ने अवैध रूप से बने कमरे के हिस्से को जेसीबी की मदद से हटवा दिया। सड़क पर गिरे मलवे को आनन फानन साफ करके आवागमन को पहले की तरह बहाल किया गया। इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन ने बताया कि लोगों से कह दिया गया है कि सड़क के किनारे किसी प्रकार का अतिक्रमण करके निर्माण न कराएं। शुक्रवार को मिर्जाहादीपुरा के निकट कराए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। इन अवैध कब्जेदारों को नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों ने कब्जा नहीं हटाया तो उसे ढहवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर में कहीं भी अवैध कब्जा किया गया है , उससे आवागमन में कठिनाई हो रही है तो उसे ढहवा दिया जाएगा।