नगर के प्रकाश हास्पिटल में कोरोना की वैक्सिन लगवाते एचडीएफसी बैंक के कर्मचारी।
- फोटो : MAU
मऊ। कोविड-19 की रोकथाम के लिए वैक्सीन लगवाने में बुजुर्ग ज्यादा उत्साहित नजर आ रहे हैं। वर्तमान में तीसरे चरण में बुजुर्गों को टीका लगाया जा रहा है। तीसरे चरण में दो लाख से ज्यादा बुजुर्गों को टीका लगना है। इसमें 55 हजार बुजुर्गों को मार्च तक टीका लगाना है। बीते पांच मार्च से शुरू हुए तीसरे चरण के पहले दौर में तीन हजार से ज्यादा बुजुर्गों को टीका लगाया जा चुका है।
सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि जिले में एक मार्च से तीसरे चरण में बुजुर्गों को टीका लगाया जा रहा है। इस दौरान एक मार्च को ट्रायल के दौरान 56 बुजुर्गों को टीका लगा। जिला प्रतीरक्षण अधिकारी डॉ. बीके यादव ने बताया कि तीसरा चरण का टीकाकरण पांच मार्च से शुरू किया गया। पांच मार्च को तीन निजी अस्पताल राहुल नर्सिग होम, शारदा नरायण अस्पताल, प्रकाश नर्सिंग होम तथा जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल सहित नौ सीएचसी पर टीकाकरण किया गया। इस दौरान 741 बुजुर्गों को टीका लगाया गया। जबकि बीते आठ मार्च को जिले के तीन निजी अस्पतालों तथा 44 सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण का कार्य किया गया। जिसमें 2388 बुजुर्गों को टीका लगाया गया है। तीसरे चरण में जिले के 2 लाख एक हजार 85 बुजुर्गों को टीका लगाया जाना है। आयुष्मान योजना में शामिल अस्पताल शारदा नारायण, प्रकाश अस्पताल, राहुल नर्सिग होम में भी बुजुर्गों के टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि प्राइवेट अस्पतालों में टीका लगाने के दौरान 250 रुपये का शुल्क जमा करना होगा।
टीकाकरण कराने के लिए प्रमाण पत्र अनिवार्य है
मऊ। कोरोना से बचाव का टीका लगवाने के लिए व्यक्ति को या तो कोइन ऐप पर अपना पंजीकरण कराना होगा, इस दौरान नंबर आने पर टीका लगवाने के लिए फोटो प्रमाण पत्र साथ लेकर केंद्र पर पहुंचना होगा। तभी टीका लगाया जाएगा।