घोसी नगर के बड़ागाँव बाजार में स्वच्छता अभियान सर्वे करती टीम की सदस्य बिंदु।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जनपद के 10 निकायों में से महज दो निकायों ने ही अब तक कचरा निपटारे के लिए जमीन का चयन किया है। जबकि एनजीटी (राष्टीय हरित प्राधिकरण) इसके प्रबंध किए जाने को लेकर पहले ही फटकार लगा चुका है। जिसके बाद निकायों को जिला प्रशासन ने नोटिस भी जारी की थी। लेकिन नोटिस मिलने के डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक निकायों ने जमीन का चिह्नीकरण नहीं कराया जबकि स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत निकायों के दावे की हकीकत जानने के लिए क्यूसीआई की टीम जिले में मौजूद है।
अभी तक केवल नगर पालिका मऊ और कोपागंज नगर पंचायत ने ही डंपिंग ग्राउंड के लिए जमीन का चिह्निीकरण किया है। इसमें महज नगर पालिका परिषद की तरफ से ही चिह्नित जमीन पर ही कचरा डंप किया जा रहा है। वहीं कोपागंज नगर निकाय की तरफ से चेरुईयां गांव में जमीन तो चिह्नित तो कर ली गई है लेकिन इस जमीन पर कूड़ा-कचरा डंप करने के बजाए सार्वजनिक स्थानों पर ही कचरा डंप कराया जा रहा है। शहर से निकलने वाले 120 मैट्रिक टन कूड़े के निस्तारण के लिए रैनी में डंपिंग ग्राउंड बनाया गया है। जहां अभी तक बाउंड्री वाल न बनाए जाने से कूड़ा सड़क तक पसरा है। हालांकि यहां सालिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लगाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन अभी तक एक ईंट भी नहीं रखी गई। जिले के अधिकांश निकायों की तरफ से कचरा प्रबंधन को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कोपागंज में डंपिंग ग्राउंड चिह्नित होने के बाद भी कचरा सड़क किनारे डंप हो रहा है। वलीदपुर नगर पंचायत से हर रोज 10 टन से अधिक कूड़ा निकलता है। लेकिन डंपिंग ग्राउंड के अभाव में इन्हें खाली स्थानों पर फेंका जा रहा है। मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत के 18 वार्डों से निकलने वाला 50 टन कचरे को तमसा नदीं के किनारे तथा सड़क किनारे डंप किया जा रहा है। मधुबन नगर पंचायत से निकलने वाला पांच मैट्रिक टन से अधिक कचरा अहिरौली बाइपास, खीरीकोठा गांव के मुख्य मार्ग पर डंप किया जा रहा है। घोसी नगर पंचायत क्षेत्र से निकलने वाला कचरा सड़कों के किनारे डंप हो रहा है। उधर, घोसी में स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान 2022 को लेकर सर्वे टीम ने नगर पंचायत के विभिन्न वार्डो में जाकर स्वच्छता का जायजा लेने के साथ लोगों से फ़ीडबैक लिया। नगर पंचायत में टीआर यादव के नेतृत्व में सर्वे टीम ने नगर में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को वार्डो में जाकर साफ सफाई, नालियों और कूड़ा उठाने की स्थिति का आकलन किया। लोगों से सफाई कर्मियों के द्वारा रोज कूड़ा उठाने की जानकारी ली। टीआर यादव ने बताया कि सर्वे का कार्य चल रहा है। मुहल्लावासियों से साफ-सफाई की बाबत फीडबैक लिया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि नगर पंचायत में 100 के लगभग सफाई कर्मचारी, दो सफ़ाई नायक हैं। कोशिश रहेगी कि पिछले वर्ष से और अच्छा स्थान मिले। अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सभी निकाय के अधिशासी अधिकारियों से जानकारी मांगी जाएगी। जिले में कचरा निस्तारण को लेकर सभी निकायों में डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्था तय कराई जाएगी।