मऊ। शासन से आई जांच में अंत्योदय और पात्र गृहस्थी के राशन कार्डो में यूनिट बढ़ाकर राशन उठान करने का मामला सामने आया। जांच के दौरान पाया गया कि लिपिक धीरज एआरओ रामाश्रय प्रसाद के हस्ताक्षर से अंत्योदय के 260 राशन कार्डो में 561 यूनिट की बढोत्तरी तथा पात्र गृहस्थी के 1107 राशन कार्डो में 4992 यूनिट बढ़ाकर राशन का उठान किया जा रहा था। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने लिपिक धीरज और एआरओ रामाश्रय प्रसाद को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर डीएसओ से उनके निलंबन करने की पत्रावली तलब किया।
जिलापूर्ति कार्यालय में व्याप्त धांधली की शिकायत किसी ने शासन में किया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि अंत्योदय और पात्र गृहस्थी के कार्डो में गलत तरीके से यूनिट बढ़ाकर राशन का उठान किया जा रहा। इस सूचना की जांच कराने पर पाया गया कि अंत्योदय योजन के 260 राशनकार्डो में 561 यूनिट तथा पात्र गृहस्ती के 1107 राशनकार्डो में 4992 यूनिट बढ़ाकर राशन का उठान किया जा रहा है। जांच के आधार पर फर्जी कार्डो को निरस्त किया गया हैं। जांच में पाया गया कि फर्जी कार्डो की फीडिंग लिपिक धीरज सिंह और एआरओ के डिजिटल सिग्नेचर से जारी किया गया है। जिलाधिकारी ने दोनों का स्थानांतरण कर उनके निलंबन की पत्रावली प्रस्तुत करने का आदेश जिलापूर्ति अधिकारी को दिया।