कार्य बहिष्कार कर सीएमएस के कक्ष में पहुंचे चिकित्सक।
- फोटो : mau
जिला अस्पताल के ओपीडी में गुुुुरुवार को मनबढ़ ने डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करने के बाद विवाद कर लिया। इस घटना से नाराज डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। जिससे ओपीडी ठप हो गई। साथ ही मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना के बाद कार्रवाई करने की मांग करते हुए, जिला अस्पताल के डॉक्टरों का समूह एएसपी से मिला। इस दौरान एएसपी के आदेश पर सरायलखंसी थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई। इसके बाद डॉक्टर काम पर वापस लौटे। लेकिन डॉक्टरों ने कहा कि यदि सोमवार तक अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी नहीं खोली जाएगी, तो डॉक्टर हड़ताल पर जाएंगे।
गुरुवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जिला अस्पताल में ओपीडी ड्यूटी कर रहे फिजिशियन डा. अनिल कुमार अपने सहयोगी के साथ चेंबर में मरीज देख रहे थे। इसी दौरान चंदर नाम के एक व्यक्ति उनके चेंबर में आया और बिना नंबर व पर्ची के अपने मरीज को दिखाने का दवाब बनाने लगा। जिस पर डॉक्टर ने पहले से इंतजार कर रहे मरीजों को देखने की बात कही। इस पर चंदर गालीगलौज करने के साथ डॉक्टर का गिरेबान पकड़ लिया। इसके बाद डॉक्टर जब शिकायत करने सीएमएस कक्ष पहुंचे। तो वहां भी पहुंच कर चंदर अभद्रता करने लगा।
उधर साथी चिकित्सक के साथ अभद्रता की जानकारी मिलने पर सभी डॉक्टर ओपीडी छोड़ सीएमएस कक्ष पहुंच गए और सुरक्षा की मांग करने लगे।
जिस पर सीएमएस डॉ. बृजकुमार सभी डॉक्टरों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। जहां एएसपी शैलेंद्र श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार पर एएसपी ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इस मौके पर डॉ. एके रंजन, डॉ. शैलेष कुशवाह, डॉ. अभिषेक तिवारी, डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. रूपेश राय, डॉ. सुबोधचंद्र यादव, डॉ. राकेश चौधरी आदि मौजूद रहे।