उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शुक्रवार रात एक चिकित्सक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने डॉक्टर को पांच लाख न देने पर अंजाम भुगतने का अल्टीमेटम दिया। डॉक्टर मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत वलीदपुर मोहल्ले के नारा मोहल्ला में क्लीनिक चलाते हैं।
विज्ञापन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रानीपुर थाना क्षेत्र के भूसुआ गांव निवासी सुरेंद्र यादव नगर पंचायत वलीदपुर में क्लीनिक चलाते हैं। शुक्रवार रात लगभग 9 बजे जब वह मरीज देख रहे थे, तभी उनके मोबाइल पर अज्ञात बदमाशों ने फोन कर उनसे पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी।
फोन करने वाले ने रुपया न देने पर अंजाम भुगतने का अल्टीमेटम दिया। फोन कॉल आने के बाद घबराए चिकित्सक पहले अपने कुछ परिचितों को इसकी सूचना दी। डॉक्टर परिचितों के साथ मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पहुंच गए, जहां उन्होंने घटना के बारे में पुलिस को सूचना। साथ ही धमकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर दी।
पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है। चिकित्सक ने ढ़ी गई तहरीर में किसी को आरोपित नहीं किया है। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली प्रभारी नीरज पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।