रविवार को रेलवे स्टेशन से डीएमयू के मऊ से प्रयागराज जाने के दौरान मौजूद रेलवे अधिकारी और कर्मचार?
- फोटो : MAU
मऊ। कोरोना संक्रमण काल से बंद डीएमयू पैैसेंजर का संचालन करीब एक साल बाद रविवार को शुरू हो गया। हालांकि इसकी जानकारी अधिकतर लोगों को नहीं थी जिसके चलते पहले दिन सिर्फ आठ यात्री सामान्य टिकट लेकर रवाना हुए। इस पैसेंजर ट्रेन के चलने से वाराणसी-प्रयागराज रूट के छोटे स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।
बीते वर्ष मार्च से कोरोना संक्रमण के चलते डीएमयू का संचालन बंद था। कोरोना संक्रमण के बीच रेलवे ने एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन जून माह से शुरू कर दिया था लेकिन पैसेंजर ट्रेनों का संचालन ठप था। ऐसे में छोटे स्टेेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से इन स्टेशनों के यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। पूर्वोत्तर रेलवे ने मऊ-प्रयागराज रूट के यात्रियों की इस समस्या को देखते हुए मऊ से प्रयागराज के बीच चलने वाली डीएमयू पैसेंजर ट्रेन का संचालन रविवार से शुरू किया। मऊ जंक्शन के प्लेटफार्म दो से यह ट्रेन 14:45 बजे मऊ से रामबाग के लिए रवाना किया। पहले दिन जानकारी के अभाव में इस ट्रेन से 8 यात्री रवाना हुए। डीसीआई सिरनाम सिंह मीना ने बताया कि पैसेंजर ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को पूर्व की भांति सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकते हैं। बताया कि 05137 मऊ-प्रयागराज रामबाग अनारक्षित एक्सप्रेस विशेष गाड़ी सात मार्च से शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन मऊ से रामबाग प्रयागराज के लिए प्रस्थान करेगी।