कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक को संबोधित करते जिलाधिकारी अमित सिंह ब
- फोटो : MAU
मऊ। जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल की अध्यक्षता में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में कायाकल्प योजना के कार्य अधूरे हैं उनको तत्काल पूरा कराएं। कहा कि अभियान के तहत जनपद के किसी भी विद्यालय का औचक निरीक्षण किया जाएगा। जिसमें कार्यों की गुणवत्ता एवं शिक्षकों की उपस्थिति देखी जाएगी कमियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि अच्छे कार्य करने वाले अध्यापकों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बच्चों को स्वेटर एवं ड्रेस आदि के वितरण में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। आपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जनपद में मात्र 26 विद्यालयों में कार्य कराने पर नाराजगी व्यक्त की। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, विद्युत, श्यामपट्ट, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था शतप्रतिशत पूर्ण करा लें साथ ही यह भी कहा गया कि जो भी कार्य कराए जाए गुणवत्ता पूर्ण होने चाहिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला अल्प संख्यक अधिकारी, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी आदि शामिल रहे।