मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सहायक श्रमायुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीमए ने मृतक श्रमिकों की पत्रावलियों का मिलान किया, जहां लंबे समय से भुगतान न किया जाना मिला। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दिया कि श्रमिकों का हक उन्हें किसी भी दशा में मिलना चाहिए, यदि किसी पंजीकृत श्रमिक या मृतक श्रमिकों के आश्रितों द्वारा शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी।
इससे पहले निरीक्षण के दौरान डीएम ने पंजीकृत एवं मृतक श्रमिकों के पत्रावलियों के रखरखाव की जानकारी ली। श्रम विभाग में सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि किसी भी दशा में पात्र लाभार्थी योजना से वंचित न होने पाए। वहीं प्रवर्तन अधिकारी लइक अहमद को निर्देश दिया कि मृतक सहित अन्य लाभार्थियों का लंबित भुगतान से संबंधित कार्यों को 16 फरवरी तक किसी भी दशा में पूरा होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सहायक श्रमायुक्त प्रभात कुमार सिंह, प्रवर्तन अधिकारी लइक अहमद सहित समस्त कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।