मऊ। छठ पर्व पर तमसा नदी और अन्य प्रमुख स्थानों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शहर में 10 जगहों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। वाहनों के आने जाने के लिए रूट डायवर्जन का चार्ट तैयार किया गया है।
थाना कोतवाली नगर और दक्षिणटोला की महिलाएं तमसा किनारे राजघाट, संगत घाट, नोनिया घाट, चंडीसागर, माता पोखरा, मोहल्ला अस्तुपुरा में छठ का पूजा करेंगी।
जबकि दक्षिणटोला थाना के मोहल्ला मिर्जाहादीपुरा, चकिया, विश्वनाथपुरा, डोमनपुरा की महिलाएं शक्ति घाट, हनुमान घाट, ढेकुलिया घाट, मड़ैया घाट, भीटी घाट, जबकि शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला, युसुफपुरा, राजारामपुरा, प्यारेपुरा, भरहूकापुरा, पुराघाट, हरिकेशपुरा, संस्कृत पाठशाला, मठियाटोला, कतुआपुरा, राजपुताना, दानकबीर, राजगद्दी मैदान, घास बाजार आदि मोहल्लों की महिलाएं घाटों पर पूजा करने पहुंचेंगी।
भीड़ अधिक होने के कारण 15 नवंबर की दोपहर एक बजे से शाम सात बजे और 16 नवंबर की सुबह चार बजे से भीड़ समाप्ति तक शहर में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
एसपी सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि 15 नवंबर की सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक आजमगढ़ मोड़ से सभी रोडवेज बस सहित सभी वाहन गाजीपुर तिराहा और मिर्जाहादीपुरा की तरफ डायवर्ट किए जाएंगे।
रेलवे स्टेशन को जाने वाले वाहन मुंशीपुरा ओवर ब्रिज के बगल से होते हुए रेलवे स्टेशन जाएंगे और रोडवेज से डीसीएसके होते हुए माधव होटल मोड़ से अपने गंतव्य को जाएंगे।