मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में खेत में जलाई जा रहा पराली।संवाद
मुहम्मदाबाद गोहना/करहां। सरकार की रोक और लगातार निर्देशों के बावजूद स्थानीय तहसील क्षेत्र में पराली जलाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सुबह से ही खेतों में फसल अवशेष जलाए जा रहे हैं। धुआं गांवों और बाजारों में फैल रहा है, जिससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है।
शासन की तरफ से कृषि विभाग और लेखपालों को गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने, बैठकें करने और फसल अवशेष प्रबंधन के उपाय बताने के निर्देश दिए हैं। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि न तो गांवों में बैठकें हो रही हैं, न ही पराली न जलाने को लेकर कोई प्रभावी उपाय बताया जा रहा है। मुहम्मदाबाद गोहना से लेकर रानीपुर, खुरहट, शमशाबाद, याकूबपुर, करहां, लग्गूपुर, घरौहिया मोड़, मड़ैया, चिरैयाकोट और सरसेना सहित कई इलाकों में पराली जलाने के मामले सामने आ रहे हैं।
इस बाबत उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री का कहना है कि जिन क्षेत्रों में पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहां के संबंधित लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। संवाद