जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने सोमवार को दी किसान सहकारी चीनी मिल, घोसी का निरीक्षण कर मिल की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध संसाधनों, मशीनरी, बॉयलिंग हाउस तथा उत्पादन क्षमता का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने चीनी मिल परिसर में निरीक्षण के दौरान स्थापित मशीनरी, उत्पादन इकाइयों, गोदाम में रखे चीनी स्टॉक तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की और अधिकारियों से मशीनों की कार्यक्षमता, रखरखाव, उत्पादन क्षमता तथा भविष्य की योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि चीनी मिल का निरीक्षण कर इसके संचालन और विकास से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की गई है और इस पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने चीनी मिल बंद होने को लेकर फैली अफवाहों का भी खंडन किया।
उपसभापति रजनीश राय ने चीनी मिल गेट से परिसर तक लगभग 300 मीटर सड़क निर्माण तथा मिल के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण का अनुरोध किया। जीएम एके पांडे ने बताया कि शासन के सहयोग से गन्ना किसानों का सम्पूर्ण भुगतान कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अशोक सिंह, तहसीलदार धर्मेंद्र पांडे, चीनी मिल के जीएम एके पांडे, सीसीओ अजय यादव, पूर्व उपसभापति रामाश्रय राय, डायरेक्टर अखिलेश सिंह, बिजेंद्र राय, जीएम स्टेनो एवं चीनी मिल के कर्मचारी उपस्थित रहे।