मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जनगणना के सफल क्रियान्वयन के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्व-गणना संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें जनगणना के प्रथम चरण के कार्यों की समय-सारणी और रणनीतियों पर चर्चा की गई।
सीडीओ ने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में किया जाएगा। स्व-गणना प्रक्रिया 7 मई से 21 मई तक चलेगी, जिसमें आम नागरिक निर्धारित पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी डिजिटल रूप में दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने जनपदवासियों से इस आधुनिक तकनीक का लाभ उठाने की अपील की।
बताया कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य 22 मई से 20 जून तक किया जाएगा। इस दौरान कर्मी घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण करेंगे। जो लोग स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनका विवरण कर्मियों द्वारा दर्ज किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित करने और कर्मियों के प्रशिक्षण को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही जनपदवासियों से अनुरोध किया कि वे जनगणना कर्मियों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं के निर्माण का आधार है।
प्रशिक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सुशील कुमार, जनगणना प्रभारी ओम कन्हैया यादव, मास्टर ट्रेनर मनोज एवं धनंजय सहित जनपद के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।