मधुबन तहसील में लाइट कटने पर मोबाइल की रोशनी में काम करते कर्मचारी। स्रोत-जागरुक पाठक
मौसम खराब होने के कारण बिजली गुल होने के एक घंटे बाद भी तहसील प्रशासन की ओर से जनरेटर का संचालन नहीं किया गया। तहसीलकर्मी मोबाइल की रोशनी में कार्य करने को विवश दिखे।
उधर, अधिवक्ता और वादकारी भी परेशान रहे। मालखाना, खतौनी उद्धरण कक्ष, लेखपाल कक्ष सहित सभी कार्यालय अंधेरे में डूबे रहे। अंधेरे के संबंध में कर्मचारियों से पूछे जाने पर किसी ने भी कोई जवाब नहीं दिया।
वहीं एसडीएम ने मामले का संज्ञान लेने की बात कही और जनरेटर खराब होने की जानकारी दी। वादकारी जीवन चौबे, सुजीत कुमार, शिवप्रकाश, अशोक गुप्ता और विवेक चौबे ने बताया कि कोई खतौनी लेने आया था, तो कोई रिकॉर्ड रूम और लेखपाल कक्ष में अपने कार्यों के लिए पहुंचा था।
उधर अधिवक्ता योगेश चतुर्वेदी, शिवप्रकाश सिंह, अरुण त्रिपाठी और अविनाश मल्ल का कहना है कि जनरेटर संचालित न होने से कार्य करने में परेशानी हो रही है।