रामपुर थाना क्षेत्र के हिसामपुर गांव निवासी रामगोविंद उर्फ योगी की तहरीर पर मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने सोमवार की शाम दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने की शिकायत पर मारपीट की गई।
प्राथमिकी के अनुसार रामगोविंद उर्फ योगी दिव्यांग हैं। गांव निवासी रमअवध ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा है। उक्त भूमि से बेदखली का आदेश मधुबन तहसीलदार न्यायालय से हुआ है। इसके बावजूद 20 अप्रैल की सुबह करीब नौ बजे दुर्गेश आदि लोग चकमार्ग काट रहे थे।
डायल 112 पर सूचना देने पर पुलिस पहुंची और थाने पर आने की सलाह दी। थाने जाते समय सुबह करीब 11:30 बजे रास्ते में दुर्गेश और दो अज्ञात लोगों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे वह गिरकर घायल हो गए।
गिरने के बाद आरोपियों ने मारपीट की और ट्रक से टक्कर दिलाकर हत्या कराने की धमकी दी। थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।