फतहपुर मंडाव ब्लॉक क्षेत्र के डीहवारस्थान पुरवा में जल निकासी की समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही समस्या के समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ग्राम पंचायत की आबादी करीब 25 हजार है। दुबारी गांव के डीहवारपुरवे में आज तक नाली का निर्माण नहीं कराया जा सका है। इसके चलते लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी रविदास मंदिर परिसर और आसपास के खेत में पहुंच रहा है। खेतों में पानी एकत्र होने से फसलों को तो नुकसान हो ही रहा है। जगह-जगह जलभराव होने से दुर्गंध भी उठ रही है। लोगोंो को नाक मुंह बंद कर आवागमन करना पड़ रहा है। मच्छरजनित बीमारियों से लोग ग्रसित हो रहे हैं। समस्या से जनप्रतिनिधियों तथा आला अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अविलंब जलनिकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में जयेंद्र, शिवशंकर, बीर बहादुर, सुरेश, कमलावती, लालसा, शिवकुमारी, तेतरी, घूरा, विजयी, बलिराम, सुभावती, रिंकू, शिवमंगल, छोटेलाल, मोतीचंद, प्रेम चंद आदि शामिल रहे।