मऊ। अमिला ग्राम सभा की नवीन परती जमीन के कब्जा हटाने को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। साथ ही जल्द मामले का निस्तारण नहीं होने पर आंदोलन तेज करने के लिए अल्टीमेटम दिया।
बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के अमिला ग्राम सभा के गउरा दलित बस्ती में बना सार्वजनिक शौचालय के बगल स्थित नवीन परती की जमीन पर गांव के ही एक परिवार द्वारा जबरदस्ती कब्जा करने को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राजस्व से संबंधित उच्चाधिकारियों, पुलिस प्रशासन को कई बार लिखित प्रार्थना पत्र के साथ जानकारी देने के बावजूद नवीन परती को जमीन को खाली नहीं कराया जा सका है। कहा कि जल्द मामले का निस्तारण नहीं हुआ तो हम ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस सम्बंध में ग्रामसभा के प्रधान राजाराम सोनकर ने कहा की गांव की जमीन नवीन परती है तो उसको निश्चित रूप से खाली कराया जाएगा और उसका इस्तेमाल सार्वजनिक मद में होगा। प्रदर्शन करने वालों में उर्मिला, राधिका, तेतरी, ज्ञानती, प्रमिला, केवली, ऊषा, बेईली, विद्या, बर्फी, कलावती, लखपाती, रमावती, सीरमावती, ओम्सती, श्यामदुलारी, सत्येंद्र, रामचंद्र, हरेंद्र आदि शामिल रहे।