उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बिजली निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
संघ के जिलाध्यक्ष अभिजीत यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से सभी विभागों के आउटसोर्स कर्मचारियों को आउटसोर्स सेवा निगम से जोड़ने का आदेश जारी किया गया है जिससे कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा, वेतन पारदर्शिता एवं अन्य लाभ मिल सके।
उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन इस प्रावधान में शामिल नहीं किया जा सका है। सरकार का यह निर्णय सभी विभागों पर समान रूप से लागू होना चाहिए। यदि बिजली निगम को इससे अलग रखा गया, तो यह कर्मचारियों के साथ अन्याय होगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
जिला उपाध्यक्ष भानू प्रकाश राय ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी वर्षों से विभाग में कार्य कर रहे हैं और अपनी सेवाएं ईमानदारी से दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है।
जिला संगठन मंत्री अंबुज भारद्वाज ने कहा कि संघ कर्मचारियों के हितों के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है और आगे भी करेगा। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी सचितानंद ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर प्रदेश स्तर पर भी आवाज उठाई जा रही है और जल्द ही बड़े स्तर पर रणनीति बनाई जाएगी। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, जिला संयुक्त मंत्री सर्वेश कुमार, जिला कार्यालय मंत्री पिंटू यादव, हरिगोविंद, मनोज यादव, रमेश यादव, रवि कुमार, इंद्रजीत कुमार आदि उपस्थित थे।