मऊ। कोपागंज ब्लाक के धवरियासाथ गांव निवासी युवक ने भीटी के पास रहने वाली एक महिला डॉक्टर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि महिला डॉक्टर की लापरवाही से उसके नवजात शिशु की मृत्यु हुई है। पीड़ित ने इस मामले में सीएमओ, पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर गुहार लगाई है।
धवरियासाथ निवासी अजय कुमार नाहर ने बताया कि उसकी पत्नी सुमन का मायका मलिन बस्ती भीटी में है। उसकी गर्भवती पत्नी का प्रसव पीड़ा होने पर एक अक्तूबर पर परिजन उसे गाजीपुर तिराहा स्थित एक निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे। आरोप लगाया कि भीटी में रहने वाली एक महिला जो कि खुद को डाक्टर बताती है उसके द्वारा उसके परिजनों को सामान्य प्रसव कराने का झांसा देकर अपने आवास पर ले गई। आरोप लगाया कि महिला चिकित्सक ने उसकी पत्नी की हालात गंभीर होने पर बिना सूचना दिए उसे नरई बांध स्थित एक निजी अस्पताल ले गई। जहां प्रसव के दौरान मृत बच्चा होने की बात कही गई। आरोप लगाया कि चिकित्सक के पास कोई डिग्री नहीं है, उसकी और अस्पताल की लापरवाही से उसके नवजात शिशु की जान गई है। मांग की चिकित्सक तथा अस्पताल के विरुद्ध जांच की जाए।