एसडीएम को ज्ञापन सौंपते सपा जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश, पूर्व विधायक सुधाकर सिंह,एमएलसी रामजतन राजभर।
- फोटो : mau
गन्ना किसानों के बकाए के भुगतान की मांग को लेकर रविवार को सपाजनों ने घोसी चीनी मिल पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी सौंपा। धरना स्थल पर जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार किसानों के विकास के नाम पर वोट मांग कर सत्ता में आई। परंतु किसानों को ही भूल गई। किसान अपनी फसल बेचने के लिये परेशान है। सबसे अधिक परेशानी गन्ना किसानों को उठानी पड़ी। कहा कि जिले के गन्ना किसानों का 28 करोड़ रुपया घोसी चीनी मिल के ऊपर बकाया है। किसान कर्ज लेकर खेती करने को मजबूर है।
पूर्व विधायक सुधाकर सिंह ने कहा कि प्रदेश की योगी और केंद्र की मोदी सरकार मात्र घोषणा कर रही है। इनकी कोई भी योजना धरातल पर दिखाई नही दे रही है। प्रदेश के किसानों का 15 हजार करोड़ चीनी मिलों पर बकाया है। किसान अपने ही धन के लिये चीनी मिल से लेकर डीएम दफ्तर का चक्कर लगा कर थक गये है। चेताया कि गन्ना किसानों का बकाया जल्द नहीं दिया गया,तो सपा बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष सुजीत सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राम हरि चौहान ने मांग की कि किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान जल्द किया जाए और गन्ना का मूल्य 275 रुुपये प्रति कुंतल किया जाय। विधान परिषद सदस्य रामजतन राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के विकास के नाम पर राजनीति बन्द करे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव तथा संचालन लालचंद यादव ने किया।
कार्यक्रम को अल्ताफ अंसारी, पूर्व विधायक बैजनाथ पासवान, शैलेन्द्र यादव साधू, इंद्रकैलाश यादव, राजेन्द्र नाथ पाण्डेय, राजेन्द्र मिश्रा, शोभा श्रीवास्तव ने सम्बोधित किया। इस दौरान शुऐब निजामी, ममता चंद्रा, सूर्यभान यादव, वसीअहमद, खुर्शीद खान, कुद्दूस अंसारी, सुरेश राजभर, अमरेंद्र बहादुर यादव आदि रहे।