मऊ रेलवे स्टेशन पर माँक ड्रिल के दौरान यात्रियों के सामानों की तलाशी लेते पुलिसकर्मी।
- फोटो : mau
श्रावण मास और स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की ओर से संयुक्त रूप से स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मॉक ड्रिल कर सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभ्यास किया।
रविवार की सुबह 11.45 बजे मऊ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर सब कुछ सामान्य चल रहा था। इसी दौरान किसी यात्री ने ओवरब्रिज के पास एक लावारिस पड़े सूटकेस को देखा और उसे संदिग्ध मानते हुए जीआरपी को सूचना दी।
कुछ ही देर में जीआरपी, आरपीएफ के जवानों ने संबंधित जगह से यात्रियों को दूर हटाते हुए इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कुछ देर बाद सीओ सिटी राजकुमार, सरायलंखसी एसओ, दक्षिण टोला एसओ पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता के पहुंचे और लावारिस बैग को खोला, हांलाकि उसमें कुछ नहीं मिला। इस दौरान यात्रियों में कौतूूहल बना रहा। कुछ देर बाद पता चला कि यह जीआरपी द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के लिए मॉक ड्रिल किया गया है।
इसके बाद जीआरपी निरीक्षक राघवेंद्र मिश्रा ने यात्रियों को बताया कि किसी विपरित स्थितियों से निपटने के लिए समय समय पर मॉक ड्रिल किया जाता है। जिससे आतंकी हमले या हादसे के दौरान बचाव कार्य की तैयारियों की समीक्षा की जा सकें। इस दौरान मौजूद पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ द्वारा स्टेशन पर चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस मौके पर जीआरपी निरीक्षक राघवेंद्र मिश्रा, आरपीएफ प्रभारी डीके राय सहित अन्य मौजूद रहें।