मऊ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अजय साहू के नेतृत्व में एक शनिवार को शहर में जाम, मल्टीलेवल पार्किंग सहित अन्य समस्या को लेकर प्रतिनिधि मंडल नगर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि शहर अब बीते कई सालों में विकसित होने के चलते घनी आबादी वाला क्षेत्र बन चुका है। घनी आबादी और संकरे रोड होने के कारण जाम लगता है।
इतना ही नहीं शहर में मल्टी स्टोरी पार्किंग न होने के कारण लोग सड़कों के किनारे गाड़ियां खड़ी करने को विवश हैं, जिसके चलते जाम की स्थिति होती है। इससे हर वर्ग के लोग तो प्रभावित हो रहे हैं, साथ ही उद्योग धंधे भी अब प्रभावित होने लगे हैं। मांग की कि आजमगढ़ तिराहा स्थित नगर पालिका की भूमि पर मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण और साड़ी के मुख्य व्यवसायी स्थल के पास सदर चौक बंधा रोड पर नगर पालिका के स्लाटर हाऊस की जमीन पर मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण कराया जाए।
साथ ही स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या भी उठाते हुए नगर पालिका के स्लाटर हाऊस की जमीन पर विद्युत उपकेन्द्र बनाने की मांग की। जिससे बिजली आपूर्ति बेहतर हो सकें। प्रतिनिधि मंडल में मऊ साड़ी व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष जमाल अख्तर अर्पन, महासचिव शफीकुर्रहमान कोठारी, उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के जिलामहासचिव इशरत इकबाल लारी के साथ हाजी जफर अहमद जनता, बृज भूषण गुप्ता, नन्द कुमार कपूर, मोहम्मद अशरफ जयंत बर्नवाल, हसीबुर्रहमान सहित अन्य व्यापारी शामिल थे।