मधुबन थाना क्षेत्र के हृदयपट्टी गांव में बृहस्पतिवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
हृदयपट्टी निवासी सुमित राजभर पुत्र राम बच्चन राजभर अपने कमरे में चला गया। इसी बीच शाम को पांच बजे जब परिवार के सदस्यों ने सुमित को काफी देर तक आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने आशंका होने पर उसे तोड़ दिया। अंदर देखने पर सुमित का शव छत में लगे हुक से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
परिजनों से पूछताछ जारी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।