कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के ताड़ियांव ग्राम पंचायत के फोरलेन सड़क पर शनिवार की सुबह लगभग 30 वर्षीय युवक का शव मिला। युवक के शरीर पर चोट की निशान के साथ उसका सिर फटा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार ताड़ियांव ग्राम सभा के ग्रामीण शनिवार की सुबह फोरलेन पर टहलने निकले थे। इस दौरान सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस के काफी प्रयास करने के बाद भी युवक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। ग्रामीणों के अनुसार युवक का हाथ-पैर टूटा होने के साथ साथ सिर फटा था। ग्रामीणों में युवक के शव को लेकर तरह तरह की चर्चा हो रही थी कोई अज्ञात वाहन से दुर्घटना की बात कर रहा था तो कोई मारपीट कर यहां फेंकने की बात कर रहा था। थानाध्यक्ष हरे राम मौर्य ने बतलाया की युवक के पास से गठरी में फटा पुराना कपड़ा पाया गया है। अंदेशा व्यक्त किया कि मृतक पैदल कहीं जा रहा था और किसी अज्ञात वाहन के चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।