स्थानीय पुलिस ने शनिवार को गोंठा के एक होटल के समीप दो मूर्तियों (सीता और लक्ष्मण) संग एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मूर्ति गोरखपुर के शिवपंच मंदिर से चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। मूर्ति की कीमत दस लाख से अधिक बताई जा रही है। पकड़ा गया आरोपी हरीलाल पुत्र राजकुमार राजभर निवासी देईथान कोपागंज का निवासी है।
गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के राममऊ गांव स्थित शिवपंच मंदिर से मिश्रित अष्टधातु की जानकी एवं लक्ष्मण की मूर्ति 28 सितंबर 2016 की रात चोरी हुई थी। इधर दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर स्टेट स्थित शिव मंदिर से 14 दिसंबर की रात करोड़ों की अष्टधातु की मूर्ति चोरी हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को पकड़कर सभी चोरी गई मूर्तियां बरामद कर ली। पुलिस ने मूर्ति तस्करों के इस गैंग को खंगालना शुरू किया तो शनिवार को एक और सफलता हाथ लगी। मुखबिर की सूचना पर शनिवार को दोहरीघाट स्थित होटल के समीप एक मूर्ति तस्कर संदिग्ध अवस्था में दिखा।
वह झोले में गोरखपुर स्थित गोला राममऊ के शिवपंच से चुुराई गई मूर्ति को बेचने की फिराक में कहीं जाने की तैयारी में था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी रसूलपुर मूर्ति चोरी में भी शामिल था। पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।