कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर विक्मपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घोसी की तरफ से आ रही बोलेरो घुस गई। घटना शुक्रवार की मध्य रात की है।
इस हादसे में बोलेरो सवार पांच युवक घायल हो गए। लोगों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। घायलों में चार की स्थिति गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इनमें से राजू पुत्र जमुना को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
घोसी कोतवाली के फुलवरिया गांव निवासी मनीष (16 ) पुत्र रामफल, अभिषेक (13) पुत्र रामनारायण तथा अमिला बाजार निवासी विजयमल (17) व राजू (22) पुत्र जमुना और सुनील (20) पुत्र फत्तिंगन किसी वैवाहिक कार्यक्रम में भाग ले कर बोलेरो कार से वापस आ रहे थे।
रात साढ़े बारह बजे जब वे लोग चीनी मिल से आगे जमालपुर विक्कमपुर गांव के पास पहुंचे तो सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे उनकी बोलेरो घुस गई। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर लोग घटना स्थल पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी में लाया गया। जहां से मनीष को छोड़ कर बाकी चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।