चिरैयाकोट थाना क्षेत्र बाजार में स्थित बाइक एजेंसी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैलाने वाले बदमाशों ने एक बार फिर से दुस्साहस दिखाया। घटना को बीते अाठ दिन भी नहीं हुए कि एजेंसी के गोदाम पर चढ़ाई कर दी। गोदाम पर गए कर्मचारी को धमकाकर आने से मना किया। उसकी हत्या करने की धमकी दी।
घटना से बाइक एजेंसी संचालक फिर से दहशत में है। एजेंसी संचालक के कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात तीन बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। लेकिन पुलिस मामले में ठोस कदम नहीं उठा सकी है। इससे व्यापारियों में दहशत है।
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के बाजार निवासी विनोद वर्मा की बाइक की एजेंसी है। गत दिनों इसके भाई आशीष से बदमाशों ने धर्मेंद्र सिंह के नाम पर रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर 18 मई को बदमाशों ने उसके शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे बाजार में सनसनी फैला दी। घटना के बाद हालांकि पुलिस ने इनमें से पांच बदमाशों को पकड़ा।
लेकिन मुख्य अभियुक्त अब भी फरार है। इस घटना को महज आठ दिन ही बीते थे कि मंगलवार को तीन बदमाश एजेंसी के गोदाम पर पहुंच गए। इस दौरान कर्मचारी हीरालाल गोदाम से बाइक निकालने के लिए गया था। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार नकाबपोश बदमाश आए और हीरालाल को धमकाते हुए हत्या की धमकी दी। हीरालाल डरा सहमा एजेंसी पर पहुंचा और अपने मालिक को पूरी बात बताई।
इस संबंध में एजेंसी संचालक विनोद वर्मा ने अपने कर्मचारी से अज्ञात तीन बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विश्वजीत सिंह का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी जल्द ही की जाएगी।