चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के मेला मैदान में वृद्ध का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस और जुटी भीड़।
- फोटो : mau
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के मुबारकपुर मुहल्ले में मेला स्थल के पास बुधवार की सुबह वृद्ध की लाश पेड़ से लटकी मिली। सुबह उधर से गुजरे लोगोेें ने शव देखकर पुलिस को खबर की। मौका मुआयाना करने के बाद पुलिस का अनुमान है कि वृद्ध ने खुदकुशी की है। वैसे इसी स्थान पर फंदे से लटकी लाश मिलने की यह तीसरी घटना है। घटना और घटनास्थल को देखकर लोग भयभीत हैं और तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे।
मृत वृद्ध वंशबहादुर धरकार (65) पुत्र खेदू मोलनागंज मुहल्ले का निवासी था। पता चला कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। इसके चलते वह बीते छह माह से तय्यबपुर मुहल्ला स्थित एक मकान के बरामदे में सो रहा था। मंगलवार को भी वंशबहादुर मकान के बरामदे में सोया था। लेकिन अज्ञात कारणों से उसने फांसी लगा ली। मेला मैदान में मौजूद चिलबिल के पेड़ से लटकी उसकी लाश बुधवार की सुबह शौच के लिए निकले लोगों ने देखी। शव की पहचान पर लोगों ने जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे वृद्ध के छोटे भाई तेजबहादुर ने पुलिस को खबर की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत वृद्ध के परिवार में उसकी पत्नी गायत्री 60 के साथ पुत्र झुन्ना 40, बहू सरोज 34 के साथ चार पुत्रियां है।
इसमें रानी 10, खुशबू 8, पिंकी 6, सोनी 4 वर्ष की है । लोग वंशबहादुर के फांसी लगाने के पीछे आर्थिक तंगी कारण बता रहे हैं। लोगों की मानें तो मृत वृद्ध काफी मृदुल स्वभाव का था। उसका कभी किसी से कोई विवाद नहीं हुआ। गरीबी के कारण वह परिवार से दूर रहते हुए भी पुत्रियों की शादी विवाह के लिए चिंतित रहता था।