सरायलखंसी थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में बुधवार की देर शाम को ट्रांसफार्मर बदलने के लिए चंदा एकत्र करने के विवाद में दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष की ओर से किए गए हमले में अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हत्यारोपी की तलाश कर रही है।
हाजीपुर गांव की एक बस्ती में 20 परिवारों के बीच लगा एक ट्रासंफार्मर पिछले छह दिन से खराब था। गांव वालों के अनुसार, बिजली विभाग को सूचना देने के बाद भी जब ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो कर्मचारियों की मांग पर गांव वालों ने सुविधा शुल्क के लिए चंदा जुटाया। प्रति कनेक्शन सौ रुपये की दर से चंदा एकत्र करके गांव के लोग जिला मुख्यालय ले गए। लेकिन वहां से कहा गया कि अभी ट्रांसफार्मर नहीं उपलब्ध है, बाद में मिलेगा। यहां से खाली हाथ लौटे लोगों से गांव के कुछ लोगों का विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों कहा कहना था कि ट्रांसफार्मर जब नहीं मिला तो चंदा क्यों वसूला। इसी बात को लेकर गांव के बखरु पुत्र निजामुद्दीन और मु. शाकिर के भतीजे महमूदुल हसन से विवाद होने लगा।
विवाद होता देख मुु. शाकिर (55) पुत्र वली मुहम्मद बीच बचाव करने गए। आरोप है कि इसी दौरान उत्तेजित बखरु ने लाठी से शाकिर की पिटाई कर दी। सिर में गंभीर चोट लगते ही शाकिर गिर पड़ा। लोग उसे नजदीक के खुरहट बाजार स्थित एक प्राइवेट डाक्टर के पास ले गए। डाक्टर ने घायल को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल न ले जाकर फातिमा अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, मृतक के छोटे भाई शुएब अहमद की तहरीर पर पुलिस ने बखरु पुत्र निजामुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।