चिरैयाकोट के ताजपुर वार्ड न.3 में पोखरी में उतराई मिली अधेड़ व्यक्ति की लाश को देखने के लिए जुटी भीड़।
- फोटो : mau
थाना क्षेत्र के ताजोपुर मुहल्ला स्थित पोखरी में रविवार की सुबह उतराई हुई अधेड़ की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पानी से निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पहले पुलिस ने शव के शिनाख्त की कोशिश कराई लेकिन किसी ने उसे पहचाना नहीं। उधर, शव को लेकर ग्रामीणों में चर्चाएं होती रहीं।
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के ताजोपुर स्थित मलुई नामक पोखरी में रविवार की सुबह दस बज सभासद अखिलेश पांडेय ने चादर में लिपटा शव उतराया हुआ देखा। खबर लगी तो ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। कुछ कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव 45 वर्षीय किसी अधेड़ का था। शव काफी सड़ चुका था। दुर्गंध से लोगों का वहां खड़ा रहना मुश्किल हो रहा था। मृतक के शरीर पर सफेद कुर्ता, सफेद लुंगी, काली सदरी और पैरों में जूते थे। वहीं उसके कंधे पर टंगी झोली में आंबेडकर की कुछ किताबें मिली। पुलिस को पोखरी के किनारे एक छाता भी मिला। लेकिन कोई ऐसे चीज नहीं मिली जिससे मृतक की शिनाख्त हो सके। हालांकि पुलिस ने अपने स्तर से शिनाख्त के प्रयास कराए लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं सका। आखिर में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ आलोक कुमार जायसवाल ने बताया कि शव की स्थिति से पता चलाता है कि शव कई दिन पहले का है। मृतक की जेब से कोई भी ऐसा कागजात नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। बताया कि उसके शरीर पर कहीं कोई चोट के निशान भी नहीं थे। ऐसे में मौत के सही कारण की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।