मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत वलीदपुर के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती के साथ कुछ मनचलों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर मनचलों ने युवती को छत से नीचे फेंक दिया। इस घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हुई। घायल को उपचार के लिए सीएचसी मुहम्मदाबाद गोहना में भर्ती कराया गया है। घटना के बाबत युवती के भाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
दर्ज मामले के अनुसार, नगर पंचायत के एक मुहल्ला निवासी युवती किसी काम से डीह मोहल्ले की तरफ गई थी। वहां से वापस लौटते समय एक मकान के पास पहुंची ही थी कि पहले से मौजूद मकान मालिक और उसके दो साथियों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दिया। छेड़खानी का विरोध करने पर मनबढ़ों ने युवती को छत पर ले जाकर नीचे फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
युवती के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। घायल युवती को परिवार के सदस्य उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराए। साथ ही घायल के भाई ने घटना के बाबत थाने में आरोपियों जुनैद, शकील तथा उसके दामाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें मकान के मालिक सहित तीन लोगों को आरोपित किया गया है।
पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर घायल युवती को न्याय दिलाने में जुटी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक का कहना है कि युवती के भाई की तहरीर पर तीन आरोपियों जुनैद, शकील तथा उसके दामाद के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है जो सामने आएगा उसके तहत कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ घटना को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हैं।