रानीपुर थानाक्षेत्र के पड़री साधन सहकारी समिति से डीएपी ले जाने के बाद जुटी भीड़ और पहुंची पुलिस।
- फोटो : mau
थाना क्षेत्र के फतेहपुर काझा मार्ग स्थित साधन सहकारी समिति नेवादा पड़री के गोदाम का ताला तोड़कर लुटेरे 75 बोरी डीएपी उर्वरक लूट ले गए। गोदाम के बगल में सो रहा चौकीदार डर के मारे पड़ा रहा। सूचना पर समिति के सचिव ने बेटे संग बाइक से लुटेरों का पीछा किया लेकिन पेट्रोल खत्म हो जाने पर वह लुटेरों तक नहीं पहुंच सके। नतीजतन लुटेरे गाजीपुर सीमा में प्रवेश कर भाग निकले। सचिव की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रानीपुर ब्लाक के पड़री नेवादा सहकारी समिति का मुुख्य मार्ग पर गांव से थोड़ी ही दूरी पर है। समिति के गोदाम के बगल में चौकीदार अवधू सो रहा था। रात एक बजे कुछ बदमाश गोदाम पर पहुंचे। उन्होंने गोदाम के लोहे के दरवाजे पर बंद ताला तोड़ दिया और अंदर रखी डीएपी साथ लाई गई पिकअप पर लादने लगे। चौकीदार यह सब देख रहा था लेकिन डर के मारे चुप रहा। जब बदमाश चले गए तो अवधू ने गांव में जाकर एक व्यक्ति को जगाया ओर उसकी मोबाइल से सचिव बीर बहादुर सिंह को सूचना दी। सचिव ने काझा पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी और खुद भी बेटे को साथ लेकर बदमाशों का पीछा करने निकल पड़े। चौकी पर तैनात एक सिपाही ने सामने से गुजर रही पिकअप को रोकने की कोशिश किया लेकिन बदमाश उसे कुचलने की कोशिश करते हुए भाग निकले। बदमाशों ने पीछा कर रहे सचिव को रोकने के लिए वाहन से एक-एक बोरी डीएपी गिराते जा रहे थे।
इस तरह बदमाशों ने 14 बोरी डीएपी सड़क पर गिरा दिए। लेकिन बचते हुए सचिव ने पीछा जारी रखा। बदमाश गाजीपुर जिले की सीमा में घुस गए और शादियाबाद थाने तक पहुंच गए। वहां पहुुंचते ही सचिव की बाइक का पेट्रोल समाप्त हो गया। सचिव ने शादियाबाद थाने की पुलिस को भी घटना की सूचना दिया। लेकिन बदमाश आगे निकल गए थे। सचिव के अनुसार लूटी गई डीएपी की कीमत 96 हजार 750 रुपये है। सचिव ने पुलिस को तहरीर दी है। इस बाबत सीओ आलोक कुमार जायसवाल का कहना है कि घटना की जांच कराई जाएगी।